बॉलिवुड में जब भी बेहतरीन कॉमिडी फिल्मों की बात की जाएगी तो उसमें ‘हेरा फेरी’ का नाम जरूर लिया जाएगा। अब से लगभग 20 साल पहले जब यह फिल्म रिलीज हुई थी तो सिनेमाघरों में यह कुछ खास नहीं चल सकी थी लेकिन उसके कुछ समय बाद ही यह इतनी पॉप्युलर हुई की एक पूरी पीढ़ी इस फिल्म को देखकर जवान हो गई है। इसके बाद इस फिल्म का सीक्वल ‘फिर हेरा फेरी’ भी बनाई गई जो न केवल सिनेमाघरों में अच्छा बिजनस करके गई बल्कि लोगों को भी पसंद आई। इस फिल्म के तीसरे पार्ट का इंतजार फैन्स काफी समय से कर रहे हैं लेकिन वह आज तक नहीं बन सकी। अब इसके पीछे के कारण सामने आए हैं।
‘बॉलिवुड हंगामा’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, फिरोज नाडियाडवाला कुछ समय पहले इस फिल्म को बनाना चाहते थे। उन्होंने अक्षय कुमार से इस बारे में बात भी की थी लेकिन अक्षय ने यह फिल्म करने से पहले 2 शर्तें रख दी थीं। बताया जा रहा है कि अक्षय ने पहली शर्त यह रखी कि फिल्म को ‘ड्रीम गर्ल’ जैसी कॉमिडी फिल्म बनाने वाले राज शांडिल्य बनाएंगे और दूसरी यह कि वह फिल्म में 70 पर्सेंट प्रॉफिट शेयरिंग लेंगे।
बताया जाता है कि फिरोज अक्षय की दूसरी फिल्म पर सहमत नहीं थे। हालांकि उन्होंने राज शांडिल्य को यह फिल्म ऑफर की थी लेकिन राज शांडिल्य ने यह कहकर इस फिल्म का डायरेक्शन करने से इनकार कर दिया कि वह ‘हेरा फेरी’ जैसी क्लासिक फिल्म के सीक्वल के साथ सही न्याय नहीं कर सकेंगे। इसके बाद भी फिरोज नाडियाडवाला ने ‘हेरा फेरी 3’ बनाने की कोशिश की थी।
